
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला मंगल दल का शानदार सांस्कृतिक आयोजन
संजय कुंवर, पुलना भ्यूंडार ज्योर्तिमठ
पहाड़ों में भी आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न सामाजिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क और श्री लोकपाल हेमकुंड साहिब यात्रा का मेजबान गांव पुलना भ्यूंडार की महिला मंगल दल से जुड़ी स्वावलंबी मातृ शक्तियों ने महिला मंगल दल अध्यक्ष हेमंती देवी के मार्ग दर्शन में आज के दिन वर्ष भर के पारिवारिक घरेलू दिन चर्या से फुर्सत लेकर आज इंटर नेशनल वूमेंस डे सेलिब्रेशन के लिए सामूहिक भागीदारी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए ही सही इस दिन को यादगार बनाया है।
इस अवसर पर पुलना महिला मंगल दल की मातृ शक्ति द्वारा पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर लोक गीतों,चाँचड़ी,झुमैलो, दाकुड़ीं के अलावा वन एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश वाले नाटकों, का सजीव मंचन कर सांस्कृतिक कार्यक्रम पर भी चार चांद लगा दिए। इस अवसर पर ईको विकास समिति पुलना भ्यूंडार के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान और ग्राम प्रधान आनंद सिंह चौहान ने सभी महिला मंगल दल से जुड़ी मातृ शक्तियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभ कामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि आज का दिन न केवल नारी शक्ति के सम्मान का है अपितु महिलाओं की उपलब्धियों को याद करने का है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के अधिकारों और लैंगिक समानता के लिए संघर्ष को भी रेखांकित करता है।
