चीन में चमका जोशीमठ का शार्दुल, एशियाई स्की चैंपियनशिप में 8वां स्थान
सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाया दम, निजी सहयोग से पूरा हुआ सपना
संजय कुंवर
ज्योर्तिमठ : चमोली जिले के विकासखंड जोशीमठ के बड़ागांव निवासी युवा खिलाड़ी शार्दुल थपलियाल ने चीन में आयोजित एशियाई स्की चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड ही नहीं, पूरे देश का नाम रोशन किया है। कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद शार्दुल ने 50 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के बीच 8वां स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

बताया जा रहा है कि इस प्रतियोगिता में चीन और कोरिया जैसे देशों के अनुभवी खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा बेहद कड़ी थी, लेकिन शार्दुल ने आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के दम पर बेहतरीन प्रदर्शन किया।
खास बात यह रही कि शार्दुल की इस उपलब्धि के पीछे सरकारी स्तर पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया। ऐसे में देहरादून स्थित ग्राफिक एरा के डायरेक्टर कमल घनशाला द्वारा की गई आर्थिक सहायता ने उनके सपनों को पंख देने का काम किया। इस सहयोग के चलते ही शार्दुल अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने चीन पहुंच सके।
शार्दुल की इस सफलता ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि प्रदेश में प्रतिभाओं को उचित संसाधन और प्रोत्साहन क्यों नहीं मिल पा रहा है। अगर समय रहते सरकार द्वारा खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग मिले, तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों में शार्दुल की इस उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह है। लोगों ने उनकी मेहनत और लगन की सराहना करते हुए सरकार से खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं देने की मांग की है।
