
केन्द्रीय विद्यालय भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल गौचर चमोली में दो दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारंभ
केएस असवाल
गौचर : केन्द्रीय विद्यालय भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल गौचर में दिनांक २४ जुलाई से दो दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। पुस्तक प्रदर्शनी का आरम्भ विद्यालय के प्राथमिक विभाग से हुआ। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन विद्यालय की प्राचार्य संदीप त्यागी तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विरेन्द्र सिंह रावत (कमांडेंट, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल गौचर) द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक श्रीमती सीमा डोबाल, श्रीमती अंजू रावत, मोनिका भंडारी, श्रीमती सोनाली यादव श्री अनन्त गुप्ता आदि व छात्र भी उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों और विधाओं से संबंधित पुस्तकों का विशाल संग्रह प्रदर्शित किया गया है। इसमें साहित्य, विज्ञान, इतिहास, कला, बाल साहित्य और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें शामिल हैं। विभिन्न जाने-माने प्रकाशन गृहों ने अपने नवीनतम संस्करणों और लोकप्रिय कृतियों को प्रदर्शनी में प्रस्तुत किया है।
छात्रों में पुस्तकों के प्रति उत्साह देखा गया। कई छात्रों ने अपनी रुचि की पुस्तकें खरीदीं और उन्हें उत्सुकता से पढ़ा। प्रदर्शनी का उद्देश्य छात्रों में पढ़ने की रुचि को बढ़ावा देना और उन्हें विभिन्न प्रकार की पुस्तकों से परिचित कराना है। उद्घाटन के अवसर पर प्राचार्या संदीप त्यागी ने कहा कि पुस्तकें हमारे सबसे अच्छे मित्र होती हैं और ये हमें ज्ञान और प्रेरणा प्रदान करती हैं। उन्होंने छात्रों को पढ़ने की आदत विकसित करने और इस अवसर का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय की पुस्तकालय अध्यक्ष व इस कार्यक्रम के संचालक श्रीमती पूजा शर्मा ने बताया यह दो दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी 24 जुलाई से 25 जुलाई तक चलेगी और सभी पुस्तक प्रेमियों के लिए खुली है। उन्होंने यह भी बताया कि पुस्तक प्रदर्शनी के दूसरे दिन नेशनल बुक ट्रस्ट द्वारा विद्यालय में “लेखक से मिलिए” कार्यक्रम व गंगा स्वच्छता पर चित्रकारी प्रतियोगिता भी आयोजित की जायेगी।

