
केएस असवाल
गौचर : सीजन की पहली ही बारिश ने पालिका क्षेत्र के मुख्य बाजार में एन एच आई डी सी एल की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। देर रात हुई मूसलाधार बारिश का पानी दुकानों में घुसने से दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ है।

दरअसल सड़क चौड़ीकरण के वर्षों बाद भी एनएचआईडीसीएल गौचर पालिका क्षेत्र के मुख्य बाजार में एक ओर की नाली का निर्माण नहीं कर पाया है। जिस वजह से हर साल बरसात के दिनों पानी दुकानों के अंदर घुस जाने से दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ता है। इसकी शिकायत करने पर जिला प्रशासन व एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों द्वारा आश्वासन देकर बात को आई गई बना दिया जाता। एक बार पुनः देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने दुकानदारों को भारी चिंता में डाल दिया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात हुई बारिश के पानी ने अन्नपूर्णा होटल, असवाल न्यूज एजेंसी, मधुर मिष्ठान भंडार,ओम स्वीट शाप,शिव ज्वेलर्स,जीवन सिंह खुशहाल सिंह, ब्ल्यू स्टार, मसूरी कंगन,सीटी फुटवियर,नेगी टायर, भंडारी प्लास्टिक स्टोर, दीपक फैन्सी स्टोर आदि दुकानों में सामान को काफी नुकसान पहुंचाया है। मसूरी कंगन स्टोर के मालिक भूपेंद्र नेगी का कहना है। मुख्य बाजार में एक ओर की नाली न बनाए जाने से वर्षों से यह नौबत आ रही है। शिकायत करने पर प्रशासन व एन एच आई डी सी एल के अधिकारी आकर आश्वासन देकर चले जाते हैं। बरसात शुरू होते ही पुनः समस्या उत्पन्न हो जाती है। व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल का कहना है कि हर साल इस समस्या की शिकायत की जा रही है लेकिन यह बात किसी के समझ नहीं आ रही है कि आखिर एन एच आई डी सी एल मुख्य बाजार की नालियों का निर्माण क्यों नहीं कर रहा है। उन्होंने मांग की है कि एनएचआईडीसीएल को दुकानदारों को हुए नुकसान का मुआवजा देना चाहिए।

