केएस असवाल
गौचर : पालिका क्षेत्र के मुख्य बाजार वार्ड नंबर 6 में अज्ञात चोरों ने एक कमरे का ताला तोड़कर सोने के जेवरों व नगदी पर हाथ साफ कर लिया है। जेवरों की कीमत 10 लाख के आसपास बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सिदोली क्षेत्र के बरतोली नौगांव निवासी अर्जुन सिंह गौचर से देहरादून टैक्सी चलाता है। वह पिछले दो ढाई साल से पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 में प्रकाश सिंह की मकान पर परिवार सहित किराए पर रहता है। अर्जुन सिंह ने बताया कि उनके पिताजी की तबीयत खराब होने की वजह से वे परिवार सहित एक मार्च को घर चले गए थे। होली के दिन पड़ोसी ने फोन से अवगत कराया कि तुम्हारे कमरे के दरवाजे खुले हुए हैं। कमरे पर आकर उन्हें सोने की नत्थ, मांग टीका, मटर माला, कानों के झुमके,लाकेट, अंगूठी के अलावा 25 हजार रुपए गायब मिले। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि वह किसी से यारी दोस्ती भी नहीं करते थे।
आपको बताते चले कि इसी वार्ड में एक साल के अंतराल में चोरी की यह चौथी घटना है। पिछली चोरियों का खुलासा करते हुए पुलिस ने अभियुक्तों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में कामयाबी हासिल कर दी थी। गौचर चौकी इंचार्ज मानवेन्द्र सिंह गुसाईं के अनुसार पुलिस वर्तमान घटना की भी गहराई से छानबीन में जुट गई है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल के अनुसार वे पिछले कई सालों से गौचर की कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक को अवगत करा चुके हैं। उनका कहना है कि जब से राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण व रेल परियोजना का निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ है तब से गौचर में बाहरी लोगों की तादाद बढ़ी है। लेकिन लगातार मांग करने के बावजूद भी पुलिस बल की संख्या नहीं बढ़ाई गई है। क्षेत्र में नशे का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। रात्रि गस्त बढ़ाने का भी कई बार अनुरोध किया जा चुका है। जिसका नतीजा सामने आ रहा है। गांव-गांव तक शराब पहुंचाई जा रही है।
