
केएस असवाल
गौचर : लंबे समय से क्षेत्र में हो रही बारिश से तमाम रास्तों घर आंगन में काई जमने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। सभासदों व जनप्रतिनिधियों ने स्वयं के संसाधनों से लोगों को ब्लीचिंग पाउडर बांटकर पालिका को आइना दिखाने का काम किया है।

दरअसल लगातार हो रही बारिश से आन जाने के रास्तों, खलियानों में काई जमने से फिसलन से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। लेकिन कारण जो भी हो पालिका के पास काई को समाप्त करने के लिए ब्लीचिंग पाउडर न होने की वजह से जनता की सहानुभूति बटोरने के लिए पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे अनिल नेगी व वार्ड सात बंदर खंड के सभासद विनोद कनवासी ने स्वयं के संसाधनों से जनता को ब्लीचिंग पाउडर बांटकर पालिका को आइना दिखाने का काम किया है। अनिल नेगी ने मुख्य बाजार वार्ड 6 तो विनोद कनवासी ने बंदरखंड में ब्लीचिंग पाउडर का वितरण किया। अनिल नेगी का कहना कि बरसात में क्षेत्र की जनता फिसलन भरे रास्तों पर जान जोखिम में डालकर चलने को मजबूर है। लेकिन ताजुब तो इस बात का है कि पालिका के पास ब्लीचिंग पाउडर ही नहीं है। इसलिए उन्होंने स्वयं के संसाधनों से जनता की परेशानियों को देखते ब्लीचिंग पाउडर बांटने का निर्णय लिया। उनका कहना है क्षेत्र की जनता लंबे समय से पथ प्रकाश की भी मांग करती आ रही है अब उन्होंने पथ प्रकाश के लिए लाइटें भी बांटने का निर्णय लिया है।

