आम आदमी पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री के दावेदार कर्नल अजय कोठियाल ने गोपेश्वर व जोशीमठ में आयोजित जनसभाओं में जनता को इस बार आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि सूबे में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो जनहित के मुददों व उत्तराखंड की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से निपटाया जाएगा।
कर्नल अजय कोठियाल के गोपेश्वर पहुंचने पर बस स्टेशन से गोपीनाथ मंदिर तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्नल अजय कोठियाल को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताते हुए जनता से आम आदमी पार्टी के पक्ष में मतदान का आग्रह भी किया गया। गोपेश्वर बस स्टेशन पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि राज्य की 70 विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी विधानसभा चुनावों में अपना प्रत्याशी खड़ा करेगी। उन्होंने दावा किया कि हालिया सर्वे के अनुसार राज्य में आप को 20 सीटों पर जीत हासिल हो रही है। कहा कि जो सर्वे सूबे में आप को सात सीटों पर सिमटने का दावा कर रहा है वह फेल है। कर्नल अजय कोठियाल ने इस दौरान भाजपा-कांग्रेस की सरकारों केा भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के बाद इन दोनों ही पार्टियों ने बारी बारी से सत्ता कब्जाकर यहां की जनता पर राज किया है। कहा कि सूबे में आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी। प्रत्येक परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी मिलेगी। सरकार बनने के छह माह में एक लाख व्यक्तियों को रोजगार दिया जाएगा। रोजगार न मिलने तक बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने मौजूद जनता को इस बार आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताने का आग्रह किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अनूप चौहान, भवान सिंह चौहान, दिलवर सिंह फस्र्वाण, चरण सिंह, शिवानी बिष्ट, कुलदीप सिं ह नेगी सहित कई कार्यकत्र्ता मौजूद थे।
इससे पहले कर्नल अजय कोठियाल ने जोशीमठ पहुंचकर भगवान नृसिंह मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की। उसके बाद आप कार्यकत्र्ताओं ने रोड़ शो भी किया। बदरीनाथ टैक्सी स्टेंड पर जनसभा को संबोधित करते हुूए कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में सिर्फ मुख्यमंत्रियों को बदलने का कार्य कर रही है। इस सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य ठप हो गए हैं। जबकि कांग्रेस गुटबाजी की वजह से अपने आप में परेशान है। इस मौके पर कई व्यक्तियों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।