चमोली : पर्यटन सचिव ने माणा और औली पर्यटक स्थलों का किया निरीक्षण

Team PahadRaftar

सचिव पर्यटन एवं धर्मस्व ने बदरीनाथ, माणा एवं औली क्षेत्रों का किया निरीक्षण, विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता पर दिया बल

चमोली : उत्तराखंड शासन के पर्यटन एवं धर्मस्व सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने बृहस्पतिवार को चमोली जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों बदरीनाथ, माणा एवं औली का भ्रमण कर पर्यटन विकास से संबंधित कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बदरीनाथ धाम में सबसे पहले सचिव ने भगवान बदरी विशाल जी के दर्शन किए, तत्पश्चात बदरीनाथ मास्टर प्लान के अंतर्गत प्रस्तावित रिवर फ्रंट डेवलेपमेंट, एराइवल प्लाजा, आईएसबीटी, बैकुंठ द्वार, सिविक एमेनिटी भवन एवं निर्माणाधीन अस्पताल भवन तथा एनपीसीसी द्वारा निर्मित की जा रही मल्टीस्टोरी पार्किंग का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कार्यदाई संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं।

सचिव महोदय ने बद्रीश झील एवं शेष नेत्र झील का भी निरीक्षण किया और अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत को झीलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्रेनेज प्लान को प्रभावशाली बनाने पर भी बल दिया।

इसके उपरांत उन्होंने वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत भारत के प्रथम गांव माणा में प्रस्तावित विकास स्थलों माणा एराइवल प्लाजा, केशव प्रयाग और भीमपुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्त कार्य स्थानीय भावनाओं के अनुरूप एवं जनसहमति से संपादित किए जांए।

सचिव गर्ब्याल ने औली का भी दौरा किया, जहां उन्होंने पर्यटक आवास गृह, चेयर लिफ्ट और स्कीइंग स्लोप का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारियों को औली रोपवे से संबंधित आवश्यक जानकारी ली। सचिव ने औली में स्थित तीनों पर्यटक आवास गृहों के उच्चीकरण हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर शासन को प्रेषित करने तथा 600 मीटर लंबी अप्रोच रोड की मरम्मत हेतु लोक निर्माण विभाग से आकलन तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए।

अपने भ्रमण के अंतिम चरण में सचिव महोदय तपोवन पहुंचे, जहां उन्होंने पर्यटक आवास गृह के संचालन को लेकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही तपोवन में स्थित प्राकृतिक गर्म पानी के स्रोत के संरक्षण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर शासन को प्रेषित किए जाने के निर्देश भी दिए।

सचिव गर्ब्याल ने स्पष्ट कहा कि चारधाम यात्रा, पर्यटन विकास एवं क्षेत्रीय समृद्धि के दृष्टिगत सभी विकास परियोजनाओं को जनसहभागिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए।

इस दौरान एसडीएम जोशीमठ चन्द्रशेखर वशिष्ठ,अधिशासी अभियंता पआईयू योगेश मनराल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सुनील पुरोहित,क्षेत्रीय प्रबंधक गढ़वाल मंडल विकास निगम दीपक रावत, सहायक अभियंता गढ़वाल विकास मंडल निगम संजय गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Next Post

गोपेश्वर : चमोली जिले में जिला पंचायत सदस्य के 13 प्रत्याशियों ने लिया नाम वापस

जिला पंचायत सदस्य के 13 प्रत्याशियों ने लिए नाम वापस,जिले में सर्वाधिक सिमली वार्ड से तीन प्रत्याशियों ने लिए नाम वापस गोपेश्वर : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए शुक्रवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। जनपद में नाम वापसी के अंतिम दिन जिला पंचायत सदस्य पद 7 […]

You May Like