
संजय कुंवर
बदरीनाथ – केदारनाथ धाम में दीपोत्सव पर्व को लेकर भव्य सजाया गया है। बदरीनाथ धाम में लक्ष्मी पूजा आज होगी।
बदरीनाथ। – केदारनाथ धाम में दीपावली का पर्व आज सोमवार को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन और सजावट की जाएगी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के भी विशेष निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बदरी पुरी में भव्य और अलौकिक दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जहां पहली बार बदरीनाथ धाम में 12,000 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे और माता लक्ष्मी को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि दीपोत्सव कार्यक्रम 20 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक चलेगा, जिसका आयोजन बीकेटीसी तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों एवं बदरीनाथ होटल एसोसिएशन के सहयोग से किया जा रहा है।
डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत, भंडारी और कमदी हक-हकूकधारी भी इस आयोजन में भाग लेंगे। इसी तरह केदारनाथ धाम में भी तीर्थ पुरोहितों और हक-हकूकधारियों के सहयोग से दीपोत्सव आयोजित होगा। दोनों धामों में मंदिर परिसर, मार्गों और आसपास के क्षेत्रों को दीपों से सजाया जाएगा।
