भ्यूंडार : बगड़वाल देवता की पूजा-अर्चना कर वन विभाग की टीम ग्रामीणों के साथ आगे बढ़ी

Team PahadRaftar

भ्यूंडार में वनाग्नि प्रभावित क्षेत्र में पहुंचने के लिए स्थानीय मान्यता का सम्मान, वर्षा और अग्नि शमन की कामना हेतु सामूहिक बगड़वाल देव पूजा।

संजय कुंवर

गोविंदघाट : गोविंद घाट रेंज के तहत भ्यूंडार वैली की तरफ लगी आग पर काबू पाने के प्रयास युद्धस्तर पर जारी है। इस बीच विश्व धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान के मेजबान पुलना गाँव में स्थानीय मान्यताओं का सम्मान करते हुए रेंज कर्मचारियों एवं ग्रामीणों द्वारा सामूहिक रूप से वर्षा एवं वनाग्नि शमन की कामना हेतु इष्टदेव बगड़वाल देवता की पूजा-अर्चना संपन्न की गई। इसके बाद वन क्षेत्राधिकारी चेतना कांडपाल के नेतृत्व में गश्त दल आगे बढ़ा।

रेंज की टीम द्वारा अलकनंदा एवं लक्ष्मण गंगा की पहाड़ियों के मध्य वनाग्नि सुरक्षा एवं गश्त का कार्य संपादित किया गया। रेंज की एक टीम द्वारा गत रात्रि भ्यूंडार क्षेत्र में ही कैंप किया गया था। उक्त टीम आज क्षेत्र की रेकी कर पुलना वापस लौटी। टीम ने जानकारी दी कि अलकनंदा एवं लक्ष्मण गंगा के मध्य की पहाड़ियों में स्थित कतिपय दुर्गम स्थानों पर पुराने ठूंठों (Stumps) में वनाग्नि/धुआं दृष्टिगोचर हो रहा है, परंतु भौगोलिक विषमताओं के कारण उन स्थानों तक सीधे पहुंचना संभव नहीं हो सका।

वही पुलना गाँव में स्थानीय मान्यताओं का सम्मान करते हुए, रेंज कर्मचारियों एवं ग्रामीणों द्वारा सामूहिक रूप से वर्षा एवं वनाग्नि शमन की कामना हेतु इष्टदेव ‘बगड़वाल देवता’ की पूजा-अर्चना संपन्न की गई। इसके बाद वन क्षेत्राधिकारी चेतना कांडपाल के नेतृत्व में गश्त दल आगे बढ़ा। नेपाली श्रमिकों के सहयोग से लक्ष्मण गंगा नदी पर एक अस्थाई पुल का निर्माण कर नदी पार की गई। इस संयुक्त गश्त दल में ग्राम प्रधान पुलना-भ्यूंडार आनंद चौहान, महिला मंगल दल (पुलना), अनुभाग अधिकारी, वन आरक्षी, आदेश पालक, वनीकरण श्रमिक एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

नदी पार कर वन क्षेत्र में अग्रसर होने पर खड़ी चट्टानों (Steep Rocks) के कारण मार्ग अवरुद्ध पाया गया, जिस कारण टीम का वनाग्नि प्रभावित स्थल तक पहुंचना संभव नहीं हो पाया। जिसपर निर्णय लिया गया है कि आज प्रातः टीम अलकनंदा नदी पार कर वनाग्नि प्रभावित स्थल तक पहुंचने का प्रयास करेगी।

 

 

Next Post

जोशीमठ महाविद्यालय में परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से

जोशीमठ महाविद्यालय में परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न  संजय कुंवर  राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड  विश्वविद्यालय बादशाहीथौल टिहरी की आधारभूत पाठ्यक्रमों की बीए. बीएससी और एमए इतिहास और राजनीति विज्ञान की परीक्षाएं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गई हैं। महाविद्यालय की प्राचार्य और वरिष्ठ केंद्राध्यक्ष प्रोफेसर प्रीति […]

You May Like