ऊखीमठ : भगवती चण्डिका की पूरब देवारा यात्रा वेद ऋचाओं के साथ शुरू 

Team PahadRaftar

भगवती चण्डिका की पूरब देवारा यात्रा वेद ऋचाओं के साथ शुरू 

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : तल्लानागपुर क्षेत्र के चोपता फलासी में विराजमान अधिष्ठात्री देवी भगवती चण्डिका की चौथे चरण की पूरब दिवारा यात्रा का शुभारम्भ वैदिक मंत्रोच्चार और वेद ऋचाओं के साथ अत्यंत श्रद्धा एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।

मंदिर परिसर में प्रातःकाल से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और ढोल-दमाऊं की गूंज के बीच देवी की डोली विधिवत पूजन-अर्चन के बाद यात्रा पर रवाना हुई। दिवारा यात्रा के शुभारम्भ से पूर्व आचार्यों द्वारा गणेश पूजन, नवग्रह शांति एवं विशेष हवन अनुष्ठान संपन्न कराया गया। वेदपाठियों ने ऋग्वेद एवं यजुर्वेद की ऋचाओं का सस्वर पाठ कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। दिवाला यात्रा को फूल-मालाओं से सुसज्जित किया गया तथा पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच श्रद्धालुओं ने जयकारों से सम्पूर्ण क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। समिति पदाधिकारियों के अनुसार पूरब दिशा की यह दिवारा यात्रा क्षेत्र के अनेक गांवों से होकर गुजरेगी, जहां श्रद्धालु देवी का स्वागत कर विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे। भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा के क्षेत्र आगमन पर महिलाओं द्वारा मंगल गीत एवं जागरों के माध्यम से भगवती की महिमा का गुणगान किया।

मान्यता है कि इस दिवारा यात्रा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और आपदाओं से रक्षा का आशीर्वाद प्राप्त होता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का भी प्रतीक है। वेद ऋचाओं के साथ प्रारम्भ हुई यह पूरब दिवारा यात्रा आगामी दिनों में विभिन्न पड़ावों पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आगे बढ़ेगी। पूरे तल्लानागपुर क्षेत्र में इस दिव्य आयोजन को लेकर श्रद्धा, आस्था और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।

इस मौके पर प्रबंधक कल्याण सिंह नेगी , अध्यक्ष मानवेन्द्र बर्त्वाल, उपाध्यक्ष दलवीर राणा , सचिव पूर्ण सिंह खत्री, कोषाध्यक्ष यशवन्त सिंह नेगी, पण्डित त्रिलोचन भट्ट,रणजीत करासी, कुवर सिंह करासी, जगवीर सिंह नेगी सहित फलासी, मलाऊ,चोपता,बजूण ,खडपतियाखाल, ढिमकला,किरमोडू,ढौढिक के सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Next Post

गोपेश्वर : जनगणना की तैयारियां को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण

जनगणना 2027 की तैयारियों के दृष्टिगत जिला कार्यालय सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का हुआ आयोजन गोपेश्वर : आगामी जनगणना-2027 का प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) वर्ष 2026 एवं द्वितीय चरण की (जनसंख्या गणना) 2027 में किए जाने के दृष्टिगत जनपद स्तर पर जनपद स्तरीय अधिकारियों […]

You May Like