
विजयदशमी पर आज घोषित होंगी बदरीनाथ सहित चारधाम के कपाट बंद होने की तिथियां
बदरीनाथ धाम में पंचांग गणना के बाद तय होगा कपाट बंद होने का मुहूर्त, केदारनाथ में भी होगी घोषणा
संजय कुंवर, चमोली। विजयदशमी के पावन पर्व पर आज भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम सहित प्रमुख धामों के कपाट बंद होने की तिथियों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। बदरीनाथ मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक समारोह में भगवान बदरीविशाल के भोग और पंचांग गणना के बाद कपाट बंद होने का शुभ मुहूर्त तय किया जाएगा।
इस दौरान बदरीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल और धर्माधिकारी की उपस्थिति में धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया जाएगा। इसके साथ ही कपाट बंद होने से पहले होने वाली पंचपूजा और भगवान बदरीविशाल की उत्सव डोली यात्रा के कार्यक्रम भी घोषित किए जाएंगे।
वहीं, केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि और मुहूर्त की घोषणा मंगलवार को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में की जाएगी। पंचकेदार के प्रमुख धाम मदमहेश्वर और तुंगनाथ के कपाट बंद होने की तिथियां भी विजयदशमी पर घोषित की जाएंगी।
कपाट बंद होने की तिथियों के ऐलान के साथ ही चारधाम यात्रा के शीतकालीन प्रवास की तैयारियों और धार्मिक परंपराओं के अगले चरण का कार्यक्रम भी स्पष्ट हो जाएगा।

