चमोली : थराली सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की मांग

Team PahadRaftar

स्त्री रोग व हड्डी रोग विशेषज्ञ समेत नर्सिंग स्टाफ की कमी दूर करने को सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

गिरीश चंदोला थराली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली में स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने, रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती और विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित पर्याप्त स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की मांग उठाई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि थराली सीएचसी आसपास के गांवों के मरीजों के लिए उपचार का प्रमुख केंद्र है। यहां अल्ट्रासाउंड और रेडियोलॉजिस्ट की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए दूसरे अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

विशेषज्ञ डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की कमी दूर करने पर जोर

ज्ञापन में सीएचसी में स्त्री रोग विशेषज्ञ और हड्डी रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की मांग की गई। इसके अलावा नर्सिंग स्टाफ के स्वीकृत पदों के सापेक्ष कमी दूर करने, आठ अतिरिक्त नर्सिंग स्टाफ, चार नर्सिंग स्टाफ, वार्ड बॉय, फार्मासिस्ट और आयुष्मान मित्र की तैनाती का अनुरोध किया गया।

स्थानीय लोगों ने अन्य स्वास्थ्य केंद्रों से विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी सेवा भी कम से कम तीन दिन उपलब्ध कराने की मांग रखी। साथ ही अस्पताल परिसर में सोलर लाइट लगाने की मांग भी उठाई।

लोगों ने कहा कि थराली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल में जरूरी संसाधन और पर्याप्त कर्मचारी होने आवश्यक हैं। उन्होंने सीएमओ से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की।

ज्ञापन सौंपने वालों में संजय जोशी, दिवाकर नेगी, कैलाश चंद्र, हरेंद्र सिंह और मीना देवी शामिल रहे।

Leave a Reply

You May Like