चमोली : थराली-देवाल मार्ग पर फिर दरकी पहाड़ी, मलबा आने से आवाजाही प्रभावित

Team PahadRaftar

थराली-देवाल मार्ग पर फिर दरकी पहाड़ी, मलबा आने से आवाजाही प्रभावित

नंदकेसरी-कोठी के बीच लगातार गिर रहे पत्थर और मलबे से बना खतरा, इसी स्थान पर पहले हो चुका है जानलेवा हादसा

गिरीश चंदोला चमोली। बारिश के बीच थराली-देवाल मोटर मार्ग पर नंदकेसरी और कोठी के बीच मंगलवार को पहाड़ी का एक हिस्सा दरक गया। देखते ही देखते मलबा और बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे। इससे मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई। गनीमत रही कि भूस्खलन के दौरान मौके से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

भूस्खलन की सूचना पर लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग को खोलने के प्रयास शुरू किए। पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने के कारण सड़क खोलने में कर्मियों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग प्रभावित होने से थराली और देवाल के बीच आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

पहले भी जा चुकी है युवक की जान

नंदकेसरी-कोठी के बीच जिस स्थान पर मंगलवार को पहाड़ी दरकी है, वह पहले से ही संवेदनशील है। इसी स्थान पर पूर्व में पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटने से हुए हादसे में एक युवक की मौत हो चुकी है। अब दोबारा भूस्खलन होने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दौरान यहां पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा लगातार बना रहता है। उनका कहना है कि इस संवेदनशील स्थान का स्थायी उपचार किया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी वाहन या राहगीर के साथ हादसा न हो।

पत्थर गिरने से सड़क खोलने में बाधा

लोनिवि के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने बताया कि नंदकेसरी-कोठी के बीच पहाड़ी टूटने से सड़क पर मलबा आया है। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण मार्ग खोलने में दिक्कत आ रही है। पत्थर गिरने का सिलसिला रुकते ही मलबा हटाकर सड़क को यातायात के लिए सुचारू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : भक्तों को आशीर्वाद देती निकलीं भगवती चामुंडा, तीसरे चरण की दिवारा यात्रा शुरू

भक्तों को आशीर्वाद देती निकलीं भगवती चामुंडा, तीसरे चरण की दिवारा यात्रा शुरू केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल समेत हजारों श्रद्धालु बने दिव्य यात्रा के साक्षी, मद्महेश्वर-तुंगनाथ घाटी का भ्रमण कर बदरीनाथ पहुंचेगी मां की डोली ऊखीमठ। कालीमठ घाटी के शीर्ष पर विराजमान भगवती चामुंडा की बहुप्रतीक्षित तीसरे चरण की दिवारा […]

You May Like