ऊखीमठ : कल से शुरू होगी भगवती चामुंडा की तृतीय चरण की दिवारा यात्रा, तैयारियां पूरी

Team PahadRaftar

कल से शुरू होगी भगवती चामुंडा की तृतीय चरण की दिवारा यात्रा, तैयारियां पूरी

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। कालीमठ घाटी के शीर्ष पर विराजमान भगवती चामुंडा की तृतीय चरण की दिवारा यात्रा कल से विधिवत शुरू होगी। यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तृतीय चरण में मां चामुंडा की डोली मद्महेश्वर और तुंगनाथ घाटी के विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए भक्तों को आशीर्वाद देगी। इसके बाद डोली भूवैकुंठ बद्रीनाथ धाम पहुंचेगी।

दिवारा यात्रा को लेकर कालीमठ के साथ मद्महेश्वर और तुंगनाथ घाटी के ग्रामीणों में खासा उत्साह है। मां की डोली के स्वागत के लिए विभिन्न गांवों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। डोली के गांव में पहुंचने पर ग्रामीण ढोल-दमाऊं और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच मां का स्वागत करेंगे। पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाएगी।

गांव-गांव पहुंचेगी मां की डोली

दिवारा यात्रा समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सत्कारी ने बताया कि मद्महेश्वर घाटी के भ्रमण के बाद भगवती चामुंडा की डोली तुंगनाथ घाटी की ओर प्रस्थान करेगी। यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर धार्मिक अनुष्ठान होंगे। उन्होंने बताया कि लंबे समय बाद अपने गांव-आंगन में आराध्य देवी की डोली पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह है।

प्रधान त्रिलोक रावत ने बताया कि दिवारा यात्रा क्षेत्र की धार्मिक एवं पौराणिक परंपराओं से जुड़ी है। यात्रा के दौरान देवी की डोली विभिन्न गांवों में पहुंचकर भक्तों को आशीर्वाद देती हैं। इससे धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।

बदरीनाथ धाम में होंगे धार्मिक अनुष्ठान

सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश सत्कारी ने बताया कि मद्महेश्वर और तुंगनाथ घाटी के गांवों का भ्रमण करने के बाद मां चामुंडा की डोली बद्रीनाथ धाम पहुंचेगी। यहां भगवान बद्रीनाथ के दर्शन और निर्धारित धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। इसके बाद डोली वापस अपने क्षेत्र के लिए रवाना होगी।

जाल मल्ला भंडार गृह में विराजमान होंगी मां

बद्रीनाथ धाम से लौटने के बाद भगवती चामुंडा की डोली जाल मल्ला पहुंचेगी। यहां ग्रामीण और श्रद्धालु पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां की डोली का स्वागत करेंगे। धार्मिक विधि-विधान के बाद भगवती चामुंडा अपने भंडार गृह जाल मल्ला में विराजमान होंगी। यात्रा के दौरान मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

You May Like