
भारी बारिश का रेड अलर्ट: चमोली में 10 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
गोपेश्वर | पहाड़ रफ्तार समाचार
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा भारी से बहुत भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी किए जाने के बाद चमोली जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। संभावित आपदा को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष गौरव कुमार ने शुक्रवार, 10 जुलाई को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार जिले के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं राष्ट्रीय फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन में अगले 24 घंटे के दौरान जिले के कुछ हिस्सों में कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का खतरा भी जताया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों, विद्यार्थियों और आमजन से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।
