
विश्व कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और मानव सुख-समृद्धि के लिए दी जा रहीं आहुतियां
ऊखीमठ, लक्ष्मण नेगी संवाददाता। देवसेनापति भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कुमार लोक में आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन कार्यक्रम में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ स्थल पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले रहे हैं। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन की पावन ध्वनि से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर है।

महायज्ञ के तहत विद्वान आचार्यों के सानिध्य में विशेष पूजन, हवन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं। यज्ञशाला में स्थापित हवन कुंड में घृत, नवधान्य, औषधीय वनस्पतियों तथा समिधा से आहुतियां अर्पित की जा रही हैं। आचार्य वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विश्व शांति, मानव कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और समस्त प्राणियों की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

दूरस्थ गांवों सहित विभिन्न जनपदों से पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार होता है और युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो जाती है और दिनभर पूजा-अर्चना, कथा श्रवण तथा धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहता है।
कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि महायज्ञ के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, आवास और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। स्वयंसेवक लगातार सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं।
पुराण वाचन के दौरान कथावाचक वासुदेव प्रसाद थपलियाल धर्म, संस्कृति और नैतिक मूल्यों पर आधारित प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रेरित कर रहे हैं। कथा श्रवण के लिए महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की उल्लेखनीय उपस्थिति देखने को मिल रही है।
पंडित सुधीर नौटियाल ने कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और मानवता के कल्याण का माध्यम भी है। इससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और समाज में शांति, सद्भाव तथा समृद्धि को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोस्वामी, प्रबंधक पूर्ण सिंह नेगी, उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी, दिनेश थपलियाल, आशुतोष भट्ट, श्रीकृष्ण गैरोला, नवीन कांडपाल, दीपक चमोला, शुभाष भट्ट, अरविंद भट्ट, आदित्य भट्ट सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

