
ऊखीमठ, लक्ष्मण नेगी। उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री ने दशज्यूला क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर लोगों से संवाद किया तथा समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। वहीं महड़ गांव में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान राज्य मंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया। ग्रामीणों ने उनके समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं रखीं। इस अवसर पर चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े मामलों को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
महड़ गांव में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना जरूरी है। उन्होंने जल स्रोतों, जंगलों और जैव विविधता के संरक्षण के प्रति भी लोगों को जागरूक किया।
इसके बाद राज्य मंत्री कुमार लोक पहुंचे, जहां आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन कार्यक्रम में उन्होंने सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और लोककल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को भी सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने राज्य मंत्री का अभिनंदन किया तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। ग्रामीणों ने उनके क्षेत्र भ्रमण को जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।
इस मौके पर कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी, उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी, भाजपा चोपता मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी, महामंत्री दीपक नेगी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

