
बर्फबारी के बीच जारी हेमकुंड साहिब यात्रा, श्रद्धालुओं में उत्साह
संजय कुंवर हेमकुंड साहिब : उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित सिखों के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा बर्फबारी के बीच भी सुचारु रूप से जारी है। लोकपाल घाटी में मौसम खराब होने और लगातार हिमपात के बावजूद श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ धाम पहुंच रहे हैं।
दशम गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज को समर्पित इस पवित्र धाम में श्रद्धालु कठिन चढ़ाई पार कर सप्तश्रृंग पर्वतों के बीच स्थित पवित्र सरोवर में स्नान कर गुरु महाराज के दरबार में मत्था टेक रहे हैं। बर्फबारी के चलते धाम और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह बर्फ की सफेद चादर से ढका हुआ है, जिसका आनंद भी यात्री उठा रहे हैं।
मैदानी इलाकों में जहां इन दिनों भीषण गर्मी और लू का असर है, वहीं हेमकुंड साहिब में ठंड और हिमपात का मौसम श्रद्धालुओं को अलग अनुभव दे रहा है। यात्रियों का कहना है कि गुरु महाराज के दर्शन और प्राकृतिक सौंदर्य यात्रा की थकान को पलभर में दूर कर देते हैं।
श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि यात्रा पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि एक जून से यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है, जिसके मद्देनजर ट्रस्ट ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
