मदमहेश्वर यात्रा मार्ग पर दो श्रद्धालुओं की हृदय गति रुकने से मौत
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। मदमहेश्वर यात्रा मार्ग पर दो श्रद्धालुओं की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग से मिली जानकारी के अनुसार 23 और 24 मई 2026 को मदमहेश्वर स्थित वन विभाग चौकी के समीप तथा खटारा तोक क्षेत्र में यह घटनाएं हुईं।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान श्री रविंद्र प्रभाकर (लगभग 50 वर्ष) तथा संजय कुमार पुत्र कृष्णा नाथ प्रसाद निवासी विनीत खंड, गोमती नगर, लखनऊ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों श्रद्धालुओं की यात्रा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर हृदय गति रुकने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई। रेस्क्यू टीम द्वारा दोनों शवों को पैदल मार्ग से सड़क तक लाया जाएगा, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा जाएगा।
प्रशासन ने यात्रियों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य एवं राहत टीमों से संपर्क करने की अपील की है।

