गौचर : गौचर में जलभराव की समस्या पर डीएम सख्त, स्थलीय निरीक्षण कर दिए निर्देश

Team PahadRaftar

केएस असवाल 

गौचर : नगर पालिका गौचर क्षेत्र के भट्टनगर और साकेत नगर में जलभराव की समस्या को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने बरसात में जलभराव से होने वाली परेशानियों को अधिकारियों के समक्ष रखा। नागरिकों ने बताया कि समुचित ड्रेनेज व्यवस्था न होने के कारण हर साल बारिश में स्थिति गंभीर हो जाती है।

इस पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका द्वारा प्रस्तावित वाटर ड्रेनेज योजना को शासनादेश मिलने के बाद जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे विभाग के अधिकारियों को भी जल निकासी के लिए आवश्यक स्थान उपलब्ध कराने को कहा, ताकि वर्षा जल की सुचारु निकासी सुनिश्चित हो सके।

अधिशासी अभियंता नगर पालिका गौचर ने बताया कि जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए 1.68 करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है और प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। वित्तीय स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

इस मौके पर एसडीएम सोहन सिंह रांगण, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, पालिका गौचर के अवर अभियंता राजीव चौहान, जल संस्थान के अवर अभियंता दिनेश पुरोहित, वासुदेव सिंह राणा, गौ सेवा आयोग के सदस्य अनिल नेगी, पूर्व नगर उपाध्यक्ष जयकृत बिष्ट, राजेश खत्री सभाषद विनोद कनवासी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Next Post

ऊखीमठ : तुंगनाथ की डोली कैलाश के लिए रवाना, 22 अप्रैल को खुलेंगे कपाट

लक्ष्मण नेगी  ऊखीमठ। तुंगनाथ मंदिर (तृतीय केदार) की चल विग्रह उत्सव डोली सोमवार को अपने शीतकालीन गद्दी स्थल मर्कटेश्वर तीर्थ मक्कूमठ से कैलाश के लिए रवाना हो गई। डोली के प्रस्थान के दौरान क्षेत्र में भक्तिमय माहौल रहा। महिलाओं ने मांगल गीत गाए, जबकि श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ डोली […]

You May Like