
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 124 प्रतिभागियों के बीच दिखाया हुनर, 11 बच्चों ने किया प्रतिनिधित्व
केएस असवाल
देहरादून /चमोली : देहरादून के माण्डूवाला स्थित डॉल्फिन इंस्टीट्यूट ऑफ बायोमेडिकल एंड नैचुरल साइंसेज में आयोजित राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता 2025-26 में चमोली जिले के दो होनहार छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है।
राजकीय इंटर कॉलेज लाटूगैर (गैरसैंण) की छात्रा कु. दिव्या भारती और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय विरसण (पोखरी) के छात्र आदित्य के प्रोजेक्ट का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 124 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। चमोली से 11 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। राज्य स्तर से कुल 13 प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया, जिनमें दो चमोली के हैं।
प्रतियोगिता में टीम ने जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल और मार्गदर्शक शिक्षिका अंजू बिष्ट के नेतृत्व में प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों के प्रदर्शन पर उन्होंने संतोष जताया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने दोनों छात्रों की सफलता पर खुशी जताते हुए उन्हें, उनके अभिभावकों, शिक्षकों और संबंधित विद्यालयों को बधाई दी है।
कार्यक्रम का शुभारंभ यूकोस्ट के महानिदेशक दुर्गेश पंत, एससीईआरटी निदेशक वंदना गर्ब्याल समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ।

