84.76 लाख की लागत से बने कक्ष, विधायक आशा नौटियाल ने किया उद्घाटन
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : मद्महेश्वर घाटी के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज राऊंलैक में राज्य योजना के तहत निर्मित चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का लोकार्पण समारोह शुक्रवार को भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। 84.76 लाख रुपये की लागत से तैयार इन कक्षों के निर्माण से विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को अब बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कक्षा-कक्षों का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है। प्रदेश सरकार दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में संसाधनों के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।

इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, प्रधान संगठन ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट, जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा और पूर्व सदस्य विनोद राणा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली और कुमाऊंनी लोकगीतों व नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य माहेश्वर दत्त त्रिवेदी ने बताया कि नए कक्षा-कक्षों के निर्माण से छात्रों को पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा और शिक्षण कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने राज्य सरकार एवं संबंधित विभाग का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान नीमा देवी ने की, जबकि संचालन लक्ष्मीकांत कांडपाल ने किया। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

