
कल्पेश्वर में हुआ भव्य स्वागत, 300 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
रघुबीर नेगी
चमोली : भारतीय सेना की ओर से आयोजित ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0’ का शुक्रवार को हेलंग (जोशीमठ) से शुभारंभ हो गया। गढ़वाल हिमालय के बदरी–केदार ट्रेल मार्ग पर हो रहे इस 113 किमी लंबे धीरज आधारित आयोजन में देशभर से आए 300 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता के पहले दिन प्रतिभागियों ने हेलंग से कलगोठ तक 36 किमी का कठिन सफर तय किया। इस दौरान पंचकेदार के प्रथम धाम कल्पेश्वर मंदिर क्षेत्र पहुंचने पर मंदिर के हक-हकूकधारियों और महिला मंगल दल ने ढोल-दमांऊ के साथ जोरदार स्वागत किया और फल वितरित किए।
बताया गया कि सूर्य देवभूमि चैलेंज की टीम कल्पेश्वर से वंशीनारायण होते हुए कलगोठ गांव पहुंच गई है। कलगोठ के प्रधान सहदेव सिंह के अनुसार, दूसरे दिन प्रतिभागी यहां से मंडल तक 39 किमी की दूरी तय करेंगे, जबकि तीसरे दिन मंडल से उखीमठ तक 38 किमी की दौड़ होगी।
इस आयोजन का उद्देश्य साहसिक खेलों के जरिए पर्यटन को बढ़ावा देना और सीमांत गांवों में रोजगार के अवसर सृजित करना है। ‘वाइब्रेंट विलेज’ योजना के तहत आयोजित यह प्रतियोगिता स्थानीय विकास को भी गति देगी।
प्रतियोगिता में शामिल भोपाल की एक महिला प्रतिभागी ने बताया कि वह इस दौड़ के माध्यम से अपने स्वर्गीय पिता कर्नल सत्यपाल को श्रद्धांजलि दे रही हैं।
सेना का यह आयोजन राष्ट्र निर्माण और जनसहभागिता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
