
पंचकेदार के कपाट खुलने की तिथियां तय, तुंगनाथ 22 अप्रैल व मदमहेश्वर 21 मई को खुलेंगे
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। पंचकेदारों में द्वितीय केदार और तृतीय केदार के कपाट खुलने व उत्सव डोलियों के प्रस्थान की तिथियां वैशाखी पर्व पर घोषित कर दी गई हैं।
घोषणा के अनुसार भगवान तुंगनाथ के कपाट 22 अप्रैल को मिथुन लग्न में खोले जाएंगे। इससे पहले 20 अप्रैल को शीतकालीन गद्दी स्थल से चल विग्रह उत्सव डोली रवाना होगी। डोली का पहला रात्रि प्रवास भूतनाथ मंदिर में होगा, जहां श्रद्धालु नए अनाज का भोग अर्पित करेंगे और मेले का आयोजन होगा।
21 अप्रैल को डोली विभिन्न पड़ावों से होते हुए चोपता पहुंचेगी। 22 अप्रैल को चोपता से प्रस्थान कर डोली तुंगनाथ धाम पहुंचेगी, जहां विधिविधान से कपाट खोल दिए जाएंगे।
इधर, भगवान मदमहेश्वर के कपाट 21 मई को कर्क लग्न में खोले जाएंगे। इसके तहत 17 मई को शीतकालीन गद्दी स्थल में चल विग्रह मूर्तियां सभा मंडप में विराजमान होंगी। 18 मई को दर्शन होंगे और 19 मई को डोली ओंकारेश्वर मंदिर से यात्रा पर निकलेगी।
डोली विभिन्न पड़ावों से होते हुए 20 मई को रांसी से गौंडार पहुंचेगी और 21 मई को मदमहेश्वर धाम पहुंचकर कपाट खोलने की प्रक्रिया पूरी होगी।
वैशाखी पर्व पर ओंकारेश्वर मंदिर में बूढ़ा मदमहेश्वर के पुष्पक विमान के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने जौ की हरियाली व पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर समिति, पुजारीगण व बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

