पौड़ी : जिला अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार को मंजूरी

Team PahadRaftar

डीएम ने किया औचक निरीक्षण, इमरजेंसी वार्ड विस्तार और डिजिटल टोकन सिस्टम के निर्देश

जसपाल नेगी

पौड़ी : जिला अस्पताल पौड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए जिलाधिकारी ने कई अहम निर्णय लिए हैं। औचक निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, संसाधनों और उपकरणों की उपलब्धता का जायजा लिया। इसके बाद चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में अस्पताल के सुदृढ़ीकरण के लिए कई कार्यों को मंजूरी दी गई।

डीएम ने ओपीडी, इमरजेंसी, विभिन्न वार्डों और विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों, कर्मचारियों, मरीजों और तीमारदारों से भी बातचीत कर फीडबैक लिया। निरीक्षण में उन्होंने लैप्रोस्कोप, इको मशीन, पैथोलॉजी उपकरण और मल्टी-पैरा मॉनिटर जैसे जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इमरजेंसी सेवाओं को और मजबूत करने के निर्देश

इमरजेंसी वार्ड के निरीक्षण में डीएम ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से उपलब्ध दवाओं, सेवाओं और ड्यूटी व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए इमरजेंसी वार्ड के विस्तार की आवश्यकता जताई। इसके लिए दवा स्टोर को दूसरी जगह शिफ्ट कर वार्ड विस्तार की संभावनाओं पर काम करने को कहा गया।

वार्डों में रंगीन चादरें और तीमारदारों के लिए गद्देदार बेंच

निरीक्षण के दौरान सर्जिकल वार्ड, स्टाफ ड्यूटी रूम और अन्य वार्डों की व्यवस्थाओं को भी परखा गया। डीएम ने तीमारदारों के बैठने के लिए गद्देदार बेंचों की व्यवस्था करने, लॉकरों की पेंटिंग कराने और वार्डों में टाइल्स लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सप्ताह के सातों दिन के लिए अलग-अलग रंग की चादरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि चादरों का नियमित बदलाव हो सके।

स्वच्छता, पेयजल और वॉशरूम व्यवस्था पर जोर

डीएम ने अस्पताल परिसर की सफाई, पेयजल, वॉशरूम और फर्श की नियमित सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने व्हीलचेयर की भी नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

आयुष्मान हेल्प डेस्क और काउंसलिंग सेवाएं होंगी मजबूत

बैठक में आयुष्मान योजना के अंतर्गत पात्र मरीजों के अधिक से अधिक कार्ड बनाने के लिए जागरूकता बढ़ाने और अस्पताल में हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही काउंसलिंग सेवाओं को मजबूत करने, यौनजनित रोगों और अन्य बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा परामर्शदाताओं को फील्ड स्तर पर भी सक्रिय रहने को कहा गया।

डेंगू वार्ड, एंडोस्कोपी यूनिट और दंत सेवाओं पर फोकस

डीएम ने फिजियोथेरेपी, ईएनटी और नेत्र विभाग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एंडोस्कोपी यूनिट, फेको प्रशिक्षण, दंत सेवाओं को मजबूत करने और गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम कक्ष को डेंगू वार्ड के रूप में उपयोग करने के निर्देश दिए।

कम मरीजों की संख्या पर जताई नाराजगी

चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में डीएम ने ओपीडी और आईपीडी मरीजों की संख्या अपेक्षाकृत कम होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारते हुए मरीजों की संख्या बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। संस्थागत प्रसव के मामलों की कम संख्या पर भी असंतोष जताते हुए विशेष प्रयास करने को कहा।

डिजिटल टोकन सिस्टम, सोलर प्लांट और सिविल कार्यों को स्वीकृति

अस्पताल के सुदृढ़ीकरण के लिए डीएम ने मैटरनिटी ओटी और इमरजेंसी अनुभाग में आवश्यक सिविल कार्यों की अनुमति दी। सभी ओपीडी में डिजिटल टोकन सिस्टम लगाने, उरेडा के माध्यम से सोलर प्लांट स्थापित करने और विद्युत कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग से आगणन तैयार कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए।

हर माह होगा अस्पताल का निरीक्षण

डीएम ने कहा कि मुख्य विकास अधिकारी और अपर जिलाधिकारी प्रत्येक माह अस्पताल का निरीक्षण करेंगे, ताकि व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि बजट की कमी के कारण किसी भी स्वास्थ्य सेवा को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। जिला अस्पताल को आधुनिक, सुव्यवस्थित और जनसुलभ स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक एल.डी. सेमवाल, विधायक प्रतिनिधि तपोनिधि बडोनी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Next Post

केदारघाटी : ऊखीमठ में गैस का संकट, उपभोक्ता लाइन में, एजेंसी खाली!

घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे लोग, व्यावसायिक सिलेंडर न मिलने से कारोबार पर असर लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। ऊखीमठ समेत आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में इन दिनों घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत से लोग परेशान हैं। गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे […]

You May Like