
चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पर ही अविश्वास, 2027 से पहले बढ़ी असहजता
जसपाल नेगी
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में एक बार फिर अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। धारचूला विधायक हरीश धामी ने पार्टी की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें 2016 के दलबदल का जिम्मेदार ठहराया है। धामी ने यह बयान अपने फेसबुक पेज से साझा किया, जिससे पार्टी के भीतर नई सियासी हलचल तेज हो गई है।
धामी ने कहा कि हरक सिंह रावत का बयान निंदनीय है और हाईकमान को यह नहीं भूलना चाहिए कि जो एक बार धोखा दे सकता है, वह दोबारा भी दे सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2016 में कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने में हरक सिंह की भूमिका रही थी।
धामी ने आगे हरीश रावत समर्थकों से सामूहिक इस्तीफे की अपील भी की। उन्होंने कहा कि “जहां हमारे नेता, वहां हम।”
राजनीतिक तौर पर यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि हरक सिंह रावत फिलहाल कांग्रेस की चुनावी रणनीति संभाल रहे हैं, जबकि दूसरी ओर पार्टी 10 साल का सत्ता सूखा खत्म करने की कोशिश में जुटी है। ऐसे समय में सार्वजनिक बयानबाजी कांग्रेस के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकती है।

