औली कुंवारी पास ट्रैक रूट पर अंब्रेला लेक और पेड़ों पर जमी ब्लैक आईस बनी डे हाइकिंग पर्यटकों की पहली पसंद
संजय कुंवर, गोरसों बुग्याल, ज्योर्तिमठ
चमोली जनपद के खूबसूरत विंटर ट्रैकिंग लोकेशनों में से एक कुंवारी पास,गोरसों बुग्याल क्षेत्र में इन दिनों पर्यटकों के लिए प्रकृति के बेहद ही आकर्षक नजारे देखने को मिल रहे हैं।

कुंवारी पास मिनी पांगर चूला पीक के आसपास जहां अभी भी बर्फ मौजूद नजर आ रही है वहीं गोल्डन ओक कोनोफर के घने जंगलों को पार करते हुए पर्यटक इन दिनों गोरसों बुग्याल के समीप प्राकृतिक फ्रोजन अंब्रेला लेक को एक्सप्लोर करने पहुंच रहे हैं। यहां विंटर डेस्टिनेशन औली से पर्यटक डे हाइकिंग के साथ साथ हॉर्स राइडिंग के जरिए यहां तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।

कुंवारी पास ट्रैक के मेजबान गांव तुगासी के पर्यटन कारोबारी और माउंटेन गाईड मुकेश कोहली ने बताया कि आजकल कुंवारी पास गोरसों ट्रैकिंग रूट पर जंगलों में पेड़ों पर जमी ब्लैक आइस ट्रैकरों और पर्यटकों को काफी लुभा रही है। बर्फबारी नहीं होने के कारण पर्यटक पेड़ों पर बनी इन फ्रोजन आईस की आकृतियों का ही दीदार कर मन की तसल्ली कर रहे हैं।
