
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : कालीमाई पंचगांई समिति कालीमठ व बदरी – केदार मन्दिर समिति के सयुंक्त तत्वावधान में 15 वर्षों बाद आयोजित भगवती कालीमाई की ऐतिहासिक पैदल दिवारा यात्रा के बुरूवा गांव पहुँचने पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।

भगवती कालीमाई की दिवारा यात्रा के मदमहेश्वर घाटी आगमन से आस्था व भक्ति का अनूठा संगम बना हुआ है तथा ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। भगवती कालीमाई की देवारा यात्रा जिस गाँव मे पर्दापण कर रही है उस गाँव का वातावरण भक्तिमय बना हुआ तथा ग्रामीण भगवती कालीमाई की डोली सहित दिवारा यात्रा मे साथ चल रहे अनेक देवी – देवताओं के निशानो को अनेक प्रकार की पूजा सामाग्री अर्पित कर क्षेत्र की खुशहाली व विश्व समृद्धि की कामना कर रहे है।

बुधवार को भगवती कालीमाई की देवारा यात्रा बुरूवा गांव का नगर भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद देगी तथा रात्रि प्रवास के लिए मनसूना पहुंचेगी। मंगलवार को को मधुगंगा के किनारे सुरम्य वादियों में बसे राऊलैक में विद्वान आचार्यो ने ब्रह्म बेला पर पंचाग पूजन के तहत भगवती काली, मदमहेश्वर भगवान सहित 33 कोटि देवी – देवताओं का आवाह्न कर आरती उतारी तथा ठीक नौ बजे दिवारा यात्रा बुरूवा गांव के लिए रवाना हुई। दिवारा ने नगर भ्रमण के दौरान मदमहेश्वर। घाटी के विभिन्न हिल स्टेशनो का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद दिया तथा श्रद्धालुओं ने लाल – पीले वस्त्र अर्पित कर मनौती मांगी। देर सांय भगवती कालीमाई की दिवारा यात्रा के बुरूवा गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
कालीमाई पंचगांई समिति कालीमठ के अध्यक्ष लखपत सिंह राणा ने बताया कि आगामी दिनों में भगवती कालीमाई की दिवारा यात्रा मदमहेश्वर घाटी के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देगी। महामंत्री सुरेशानंद गौड़ ने बताया कि दिवारा यात्रा के मदमहेश्वर घाटी आगमन से ग्रामीणों में भारी उत्साह बना हुआ है। कालीमठ मन्दिर प्रबन्धक प्रकाश पुरोहित ने बताया कि 15 वर्षो बाद आयोजित ऐतिहासिक पैदल दिवारा यात्रा में मन्दिर समिति द्वारा पूर्ण सहयोग किया जा रहा है तथा आगामी 14 जनवरी को मकर संक्रान्ति पर्व पर दिवारा यात्रा अलकनंदा व भागीरथी के संगम स्थल देवप्रयाग में तीर्थ स्नान व तीर्थ दर्शन करेगी।
इस मौके पर प्रधान मदन भट्ट, पूर्व प्रधान सरोज भट्ट, वन पंचायत सरपंच बलवीर भट्ट, महिला मंगल दल अध्यक्ष चन्द्रकला देवी , नव युवक मंगल दल अध्यक्ष रघुवीर नेगी , भगवती देवशाली, योगेंद्र देवशाली,पंडित कालिका प्रसाद, पुजारी सतीश गौड़, हरीश गौड़, दिनेश गौड़, जयप्रकाश सेमवाल, ऋषिराम भट्ट,दिलवर असवाल, राकेश राणा, मोहन सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह रावत , कुलदीप रावत , प्रबल सिंह राणा , महेंद्र सिंह राणा सहित राऊलैक, बुरूवा गांवो के सैकड़ो ग्रामीण उपस्थित रहे।
