
भगवान कार्तिक स्वामी की आठ दिवसीय बदरीनाथ धाम यात्रा की सभी तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई है, बुधवार से शुरू हो रही कार्तिक स्वामी की बदरीनाथ यात्रा से लोगों में भारी उत्साह दिखाई दे रहा है ।
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ: क्रौच पर्वत तीर्थ से कल बुधवार से शुरू होने वाली देव सेनापति भगवान कार्तिक स्वामी की प्रथम बदरीनाथ यात्रा की सभी तैयारिया पूरी कर ली गयी है। तल्लानागपुर की सीमान्त ग्राम पंचायत घिमतोली के सुवारी ग्वास से भगवान कार्तिक स्वामी सहित अनेक देवी – देवताओं के निशान क्रौच पर्वत तीर्थ पहुंच चुके हैं। आठ दिनों तक चलने वाली कार्तिक स्वामी की यात्रा बदरीनाथ सहित विभिन्न तीर्थ स्थलों के भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देगी।

भगवान कार्तिक स्वामी की आठ दिवसीय बदरीनाथ यात्रा में शामिल होने के लिए कार्तिकेय मन्दिर समिति के पदाधिकारी ,सदस्य व सैकड़ो श्रद्धालु क्रौच पर्वत तीर्थ पहुंच चुके हैं। क्रौच पर्वत तीर्थ से पहली बार आयोजित होने वाली भगवान कार्तिक स्वामी की बदरीनाथ यात्रा के आयोजन से स्थानीय भक्तों में भारी उत्साह बना हुआ है। आगामी दो जून को भगवान कार्तिक स्वामी की यात्रा बदरीनाथ धाम पहुंचेगी तथा चार जून को भगवान कार्तिक स्वामी की आठ दिवसीय यात्रा के क्रौच पर्वत तीर्थ पहुंचने पर यात्रा का समापन होगा तथा पांच जून से युगों से चली परम्परानुसार के अनुसार विश्व कल्याण के लिए 11 दिवसीय महायज्ञ व पुराणवाचन का श्रीगणेश होगा । जानकारी देते हुए कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि बुधवार को क्रौच पर्वत तीर्थ से भगवान कार्तिक स्वामी की आठ दिवसीय बदरीनाथ यात्रा का श्रीगणेश विद्वान आचार्यों की वेद ऋचाओं के साथ होगा तथा यात्रा प्रथम रात्रि प्रवास के लिए पोखरी के निकटवर्ती गांव सतूड़ पहुंचेंगी। 29 मई को भगवान कार्तिक स्वामी की यात्रा सतूड़ से रवाना होकर रात्रि प्रवास के लिए गंजेड गांव पहुंचेगी। 30 मई को भगवान कार्तिक स्वामी की यात्रा तृतीय रात्रि प्रवास के लिए गोपीनाथ मन्दिर गोपेश्वर पहुंचेगी तथा 31 मई को यात्रा सिद्धपीठ अनसूया माता मन्दिर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देगी। कार्तिकेय मन्दिर समिति प्रबन्धक पूर्ण सिंह नेगी ने बताया कि 1 जून को भगवान कार्तिक स्वामी की यात्रा रात्रि प्रवास के लिए नृसिंह मन्दिर जोशीमठ पहुंचेगी तथा दो जून को भगवान कार्तिक स्वामी की यात्रा के मोक्ष धाम भू-बैकुंठ पहुंचने पर देव सेनापति भगवान कार्तिक स्वामी व जगत के पालनहार भगवान बद्रीनाथ का अदभुत मिलन होगा। उन्होंने बताया कि तीन जून को भगवान कार्तिक स्वामी की यात्रा माणा गांव होते हुए वसुधारा का भ्रमण व तीर्थ स्नान करने के बाद रात्रि प्रवास के लिए जोशीमठ पहुंचेगी तथा चार जून को जोशीमठ से रवाना होकर, पीपलकोटी ,चमोली , नन्दप्रयाग, कर्णप्रयाग, गौचर , रूद्रप्रयाग, सतेराखाल, मयकोटी, दुर्गाधार चोपता, खडपतियाखाल ,घिमतोली कनकचौरी होते हुए स्कन्द नगरी पहुंचने पर यात्रा का समापन होगा। समिति के कोषाध्यक्ष चन्द्र सिंह नेगी, सचिव बलराम नेगी ,सह प्रबन्धक रमेश नेगी, उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी , निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जन सिंह नेगी ,पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मगन सिंह नेगी ,वन पंचायत सरपंच धर्मेन्द्र नेगी ,बीर सिंह नेगी , नव युवक मंगल दल अध्यक्ष दीपक नेगी सहित विभिन्न गांवो के जनप्रतिनिधियों ने आम जनमानस से भगवान कार्तिक स्वामी की आठ दिवसीय बद्रीनाथ यात्रा मे सहभागिता व शामिल होने का आवाह्न किया है ।

