चारधाम को लेकर धामी कैबिनेट ने लिया ऐतिहासिक निर्णय : भरत चौधरी

Team PahadRaftar

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का राज्य एवं जनहित में ऐतिहासिक निर्णय : भरत चौधरी

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ  : विगत दिनों एक ट्रस्ट द्वारा दिल्ली में केदारनाथ मंदिर निर्माण को लेकर उपजे विवाद को लेकर उत्तराखंड सरकार द्वारा कैबिनेट में राज्य के चारधाम व अन्य प्रमुख मन्दिरों के नाम से ट्रस्ट या समिति गठित किये जाने के विरूद्ध कठोर विधिक प्राविधान करने का निर्णय लिया है। कैबिनेट द्वारा लिये इस निर्णय पर रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य एवं जनहित में ऐतिहासिक निर्णय लिया है। धामी कैबिनेट द्वारा लिया गया निर्णय राज्य एवं राज्य वासियों के लिये बहुत ही महत्वपूर्ण साबित होने वाले हैं। देवभूमि के देवतुल्य स्वरूप को बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री धामी का योगदान हमेशा याद किया जाएगा। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट द्वारा राज्य के चारधाम व अन्य प्रमुख मन्दिरों के नाम से ट्रस्ट या समिति गठित किये जाने के विरूद्ध कठोर विधिक प्राविधान किये हैं।

दरअसल हाल के समय में राज्य में कतिपय व्यक्ति / संस्थाओं द्वारा उत्तराखण्ड राज्य में अवस्थित चारधाम तथा श्री केदारनाथ धाम, श्री बदरीनाथ धाम, श्री गंगोत्री धाम, श्री यमुनोत्री धाम व अन्य प्रमुख मन्दिरों के नाम का अथवा इनके संचालन हेतु गठित ट्रस्ट/ समिति के नाम से मिलते-जुलते नाम का प्रयोग कर ट्रस्ट/ समिति आदि बनाई जा रही है। प्रदेश में इस प्रकार की गतिविधियों से जन सामान्य में असमंजस की स्थिति उत्पन्न होने के साथ ही स्थानीय परम्पराओं एवं धार्मिक मान्यताओं को भी ठेस पहुँचती है, तथा स्थानीय स्तर पर आक्रोश की भी सम्भावना रहती है। इसके दृष्टिगत राज्य सरकार द्वारा कडे विधिक प्राविधान लागू किये जाने का निर्णय कैबिनेट द्वारा राज्य हित में लिया गया है। अब राज्य के अन्दर अथवा राज्य के बाहर कोई भी व्यक्ति अथवा संस्था किसी समिति अथवा ट्रस्ट का गठन कर चार धामों एवं प्रमुख मंदिरों के नाम पर समिति अथवा ट्रस्ट का गठन नहीं कर पायेगा। इससे इस संबंध में उत्पन्न विवाद का भी समाधान हो सकेगा। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। वहीं उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कांवड यात्रा के दौरान यात्रा रूट पर सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर संचालकों का नाम अंकित करने का निर्णय को भी ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि ये प्रकिया सभी यात्रा रूटों के साथ सम्पूर्ण प्रदेश में सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के नियम लागू होना चाहिए। इसमें किसी को कुछ आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा की जो पार्टियां तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं, उनको ही ज्यादा पीड़ा हो रही है। सरकार के इस निर्णय का आम जनता एवं सभी व्यापारियों ने स्वागत योग्य निर्णय बताया है। इस दौरान भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र सिंह बर्त्वाल भी मौजूद रहे।

Next Post

चमोली : उत्तराखंड के उच्च हिमालय में स्थित लक्ष्मण मंदिर में दर्शन को उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

उत्तराखंड चमोली जिले के उच्च हिमालई पौराणिक दंड पुष्करणी तीर्थ श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर में श्रावण पूजा हेतु श्रद्धालुओं की भीड़ संजय कुंवर, लोकपाल घाटी, घांघरिया,जोशीमठ समुद्रतल से करीब 15 हजार 225 फीट की ऊंचाई पर चमोली जनपद के लोकपाल घाटी में स्थित उच्च हिमालई पौराणिक हिन्दू तीर्थ स्थल श्री […]

You May Like